भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देश एवं संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ के आदेशानुसार कोरिया जिले में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर से होने जा रही है। यह विशेष अभियान 2 अक्टूबर 2025 (महात्मा गांधी जयंती) तक चलेगा।
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में इस अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रातः 10:30 बजे जिला पंचायत ऑडिटोरियम, बैकुंठपुर में किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत 15 से 49 वर्ष की महिलाओं और किशोरी बालिकाओं में एनीमिया, सिकल सेल रोग, मासिक धर्म स्वच्छता, टीकाकरण और पोषण संबंधी जांच एवं परामर्श किया जाएगा। साथ ही गैर-संचारी रोगों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और मुख कैंसर की जानकारी दी जाएगी। संचारी रोगों के तहत टीबी और कुष्ठ रोग की जांच तथा गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) की पहचान और सुरक्षित संस्थागत प्रसव पर जोर दिया जाएगा।
इस दौरान 17 सितंबर को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। किशोरी बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच स्कूलों, छात्रावासों और आश्रमों में की जाएगी। योग और आयुष सेवाएं आयुर्वेद विभाग के सहयोग से उपलब्ध होंगी। साथ ही आयुष्मान कार्ड और ABHA ID का निर्माण किया जाएगा तथा टीबी रोगियों के लिए निक्षय मित्र नियुक्त किए जाएंगे।
अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति विकास विभाग, स्वयं सहायता समूहों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता होगी। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों की महिला सफाई कर्मियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य स्पष्ट है कि यदि घर की नारी स्वस्थ रहेगी तो परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त बन सकेगा। इसी दृष्टिकोण से यह विशेष अभियान पूरे जिले में संचालित किया जाएगा।
