आगामी शारदीय नवरात्रि और बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर दंतेश्वरी माता के दर्शन हेतु दंतेवाड़ा जाने वाले लाखों पदयात्रियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस वर्ष 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले पर्व के दौरान जगदलपुर से दंतेवाड़ा मार्ग पर कुल 21 पदयात्री सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इन सेवा केंद्रों में पदयात्रियों के लिए भोजन, जलपान, विश्राम और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्र नवरात्रि के दौरान 24 घंटे संचालित रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सेवा केंद्रों का संचालन विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को सौंपा गया है। आसना में ग्राम पंचायत आसना, जिया डेरा में दि बस्तर डिस्ट्रिक्ट आंध्रा एसोसिएशन और रोटरी क्लब जगदलपुर, गीदम नाका में बस्तर परिवहन संघ, डिमरापाल में सुख सागर देवी प्रबंधन महाविद्यालय, बड़े मारेंगा में ग्राम पंचायत मारेंगा और श्री बाबा रामदेव मंदिर समिति, केशलूर में बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं अन्य संस्थाएं पदयात्रियों की सेवा में जुटेंगी।
इसी प्रकार बास्तानार, किसकेपारा, बागमुण्डी पनेड़ा, आड़ावाल, टियूसगुड़ा, बकावंड और गिरोला सहित अन्य स्थानों पर भी ग्राम पंचायतों और विभिन्न संगठनों द्वारा केंद्रों का संचालन किया जाएगा।
दंतेश्वरी माता के दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को इन केंद्रों से विशेष सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन ने अपील की है कि भक्तजन नवरात्रि के दौरान निर्धारित सेवा केंद्रों का लाभ उठाएं और यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाएं।
