मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आयोजित दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और दूरदर्शन परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दर्शकों को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने बचपन और युवावस्था के दूरदर्शन से जुड़े अनुभव साझा किए और कहा कि दूरदर्शन ने न केवल मनोरंजन का साधन प्रदान किया, बल्कि समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारों को संवारने में भी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने 1982 के एशियाई खेलों के रंगीन प्रसारण, रामायण और महाभारत जैसे धारावाहिकों तथा “मिले सुर मेरा तुम्हारा” जैसे गीत का उल्लेख करते हुए कहा कि दूरदर्शन ने देश की एकता और सांस्कृतिक विविधता को जोड़ने का काम किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि समाचारों की गरिमा और भाषा की शुद्धता बनाए रखने में दूरदर्शन सदैव आदर्श रहा है। उन्होंने बताया कि रायपुर दूरदर्शन ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रमों, विशेषकर “हमर चिन्हारी”, के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुँचाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि दर्शन, महिला एवं युवा केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से दूरदर्शन ने समाज के हर वर्ग को जोड़ा है। उन्होंने याद किया कि मुख्यमंत्री पद सँभालने के बाद उनका पहला विस्तृत साक्षात्कार दूरदर्शन के “अपनी बात” कार्यक्रम में हुआ था।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुँच रहा है और दूरदर्शन समाज में इनसे हो रहे सकारात्मक बदलावों को प्रमुखता से प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी एक व्यक्ति की सफलता की कहानी दूरदर्शन पर प्रसारित होती है, तो वह लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बनती है।
मुख्यमंत्री ने दूरदर्शन परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि यह संस्थान भविष्य में भी आम जनता का मनोरंजन, संस्कार और जागरूकता का प्रमुख माध्यम बना रहेगा।
इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि दूरदर्शन ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी दूरदर्शन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।
कार्यक्रम में रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक श्री संजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।