राष्ट्रीय लोक अदा
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार शनिवार को दंतेवाड़ा जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायालय दंतेवाड़ा परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय कुमार होता ने दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, वादकारी एवं न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन केवल दंतेवाड़ा ही नहीं बल्कि सुकमा और बीजापुर जिलों में भी एक साथ किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सुकमा एवं बीजापुर के व्यवहार न्यायालयों के साथ-साथ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बचेली न्यायालय में भी कार्यवाही प्रारंभ हुई। तीनों जिलों में एक साथ लोक अदालत होने से बड़ी संख्या में प्रकरणों के निपटारे की संभावना है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री होता के निर्देशानुसार लोक अदालत के लिए कुल 11 खंडपीठों का गठन किया गया है, जिसमें दंतेवाड़ा स्थित परिवार न्यायालय का नया खंडपीठ भी शामिल है।
लोक अदालत में—
- न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरण
- बैंक, बिजली, नल-जल, बीएसएनएल
- राजस्व न्यायालयों से जुड़े प्री-लिटिगेशन प्रकरण
शामिल किए गए हैं।
आयोजन में कुल 8,260 प्रकरण निराकरण हेतु सूचीबद्ध किए गए हैं। उम्मीद है कि बड़ी संख्या में वादों का आपसी सहमति से निपटारा होगा, जिससे वादकारियों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय मिल सकेगा।
