रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस साल राज्य अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है, इसलिए राज्योत्सव इस बार रजत जयंती के रूप में मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 1 नवंबर को आयोजित राज्योत्सव को यादगार बनाने के लिए सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। इस अवसर पर राज्यभर में अलग-अलग कार्यक्रम और समारोह आयोजित किए जाएंगे, जो अगले 25 हफ्तों तक चलेंगे।

वहीं, उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ का गठन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। इस कारण से इस वर्ष को ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में भी मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी को इस रजत जयंती उत्सव में भाग लेने के लिए आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है और इसके लिए उन्हें पत्र भी भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा राज्य के लिए गौरव का क्षण है और यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और संस्कृति को उजागर करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
