बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भाजपा और एनडीए ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली में पार्टी और गठबंधन के शीर्ष नेताओं के साथ एक अहम बैठक बुलाई है। बैठक में चुनावी रणनीति, सीट बंटवारे और विपक्ष की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का जवाब तैयार करने पर गहन चर्चा हो रही है।
बैठक में शामिल दिग्गज
इस बैठक में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और सह-प्रभारी दीपक प्रकाश समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
सीट बंटवारे पर मंथन
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में एनडीए घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खाका तैयार किया जा रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 20 से कम सीटें मिलने की संभावना है, जबकि जीतन राम मांझी की हम (HUM) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को लगभग 10-10 सीटें दी जा सकती हैं। शाह विभिन्न नेताओं से फीडबैक लेकर अंतिम फार्मूले पर मुहर लगा सकते हैं।
नीतीश कुमार की भूमिका
हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरों के बीच यह बैठक और भी अहम मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, शाह गठबंधन की एकता दिखाने और नीतीश के नेतृत्व को मजबूती देने का संदेश देना चाहते हैं।
चुनावी रणनीति और विपक्ष का जवाब
बैठक में भाजपा विधायकों के प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया जाएगा। इसके साथ ही विपक्ष की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ और “वोट चोरी” जैसे मुद्दों का जवाब देने के लिए भाजपा सनातन और राष्ट्रीयता जैसे भावनात्मक मुद्दों को सामने लाने पर विचार कर रही है।
साथ ही बूथ-स्तर पर संगठन को मजबूत करने, डिजिटल कैंपेन, प्रचार रथ और जनसभाओं के जरिए मतदाताओं को साधने की रणनीति भी बनाई जा रही है।
पीएम मोदी का बिहार दौरा
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितम्बर को होने वाले बिहार दौरे पर भी चर्चा की जा रही है। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिसे चुनावी माहौल को गरमाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
बिहार बंद का ऐलान
एनडीए ने विपक्षी नैरेटिव को कमजोर करने के लिए 4 सितम्बर को बिहार बंद बुलाने की घोषणा की है। इस बंद के संभावित सियासी असर पर भी बैठक में विचार किया जाएगा।
