रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शास्त्री चौक और घड़ी चौक के आसपास प्रतिबंधित मार्ग एवं निर्धारित समय में प्रवेश करने वाले 27 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी भी दी है।
यातायात पुलिस के अनुसार, शास्त्री चौक के आसपास प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक यात्री वाहनों का आवागमन सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित है। इसके बावजूद प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन चलाए जाने की शिकायतों के मद्देनजर पिछले दो दिनों से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
शास्त्री चौक के आसपास इन रास्तों पर प्रवेश प्रतिबंधित
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शास्त्री चौक के आसपास आने वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समय में रोक लगाई गई है।
प्रतिबंधित मार्गों में जयस्तंभ चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बॉम्बे मार्केट टर्निंग, रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मरहीमाता चौक, महिला थाना की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बंजारी चौक और कलेक्ट्रेट चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कलेक्ट्रेट चौक का मार्ग शामिल है।
इन वैकल्पिक मार्गों से कर सकेंगे आवागमन
प्रतिबंधित मार्गों के कारण वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार, वाहन चालक बंजारी चौक से बॉम्बे मार्केट टर्निंग, रजबंधा मैदान, मरहीमाता चौक, खालसा स्कूल तिराहा, खजाना चौक और राजभवन चौक होकर आवागमन कर सकते हैं।
पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश पर चला चेकिंग अभियान
डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात थाना शारदा चौक और यातायात थाना पंडरी की टीमों ने शास्त्री चौक एवं घड़ी चौक पर वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान प्रतिबंधित मार्ग और निर्धारित समय में वाहन संचालित करते पाए गए 27 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। संबंधित चालकों को समझाइश देते हुए चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील
यातायात पुलिस रायपुर ने ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहन चालकों से प्रतिबंधित मार्गों एवं निर्धारित समय संबंधी आदेशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करने से शहर में जाम की समस्या कम करने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
