कोरबा विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को कन्नौजिया राठौर समाज के 25 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन के ऊपरी तल का लोकार्पण किया। साथ ही बालको नगर में साहू समाज, तैलिक विकास समिति के 20 लाख रुपये लागत के भवन एवं विस्तार कार्यों के लिए भूमि पूजन कर विकास कार्यों की सौगात दी।
मैगजीन भाटा, दादर खुर्द स्थित कन्नौजिया राठौर समाज के वार्षिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंत्री देवांगन ने नवनिर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि समाज का स्नेह उन्हें निरंतर मिलता रहा है। महापौर कार्यकाल में इस भवन की नींव रखी गई थी और समाज के आग्रह पर ऊपरी तल के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। इस अवसर पर मंच के विकास कार्य के लिए 7 लाख रुपये की अतिरिक्त घोषणा भी की गई।
समाज के जिला अध्यक्ष सीताराम राठौर ने मंत्री के सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि समाज की मांगों पर सदैव सकारात्मक निर्णय मिला है।
इसके बाद मंत्री देवांगन बालको नगर में साहू समाज, तैलिक विकास समिति के कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने माता कर्मा की पूजा-अर्चना कर 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन एवं अन्य कार्यों का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि साहू समाज मेहनत और ईमानदारी के लिए जाना जाता है और समाजों को साथ लेकर चलने की इसकी क्षमता अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि शहर के साथ-साथ हर समाज की सेवा और विकास प्राथमिकता है। उन्होंने मंत्री देवांगन द्वारा अल्प समय में किए गए विकास कार्यों की सराहना की।
दोनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
