Khalnayak 2 Teaser : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने शुक्रवार को अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘खलनायक 2’ का ऐलान कर दिया। फिल्म की घोषणा के दौरान संजय दत्त ने खुलासा किया कि इस सीक्वल का आइडिया उन्हें जेल में कैदियों से मिला। उन्होंने बताया कि जब वे जेल में थे, तब ज्यादातर कैदी उनसे ‘खलनायक’ के गाने सुनने की मांग करते थे।
4000 कैदियों ने भेजी कहानी
संजय दत्त ने एक इवेंट में कहा, “जेल में मैं म्यूजिक प्ले करता था। कैदी केवल ‘खलनायक’ के गानों पर जोर देते थे। एक दिन मैंने पूछा — अगर ‘खलनायक 2’ बनाएं तो कौन देखेगा? वहां मौजूद करीब 4000 कैदियों ने कहा — हम सब देखेंगे। फिर मैंने उनसे कहा — मुझे फिल्म का आइडिया एक पन्ने में लिखकर भेजो। मुझे 4000 पन्ने मिले। उन्हें पढ़ने में बहुत समय लगा, लेकिन एक आइडिया मुझे बहुत पसंद आया।”
सुभाष घई को बताया तो हुए उत्साहित
संजय दत्त ने आगे बताया कि जब वे पैरोल पर बाहर थे, तब उन्होंने फिल्मकार सुभाष घई को फोन किया और पूरा आइडिया सुनाया। सुभाष घई इस आइडिया से काफी उत्साहित हो गए और बोले कि फिल्म जरूर बननी चाहिए।
हवलदार का सुझाव, जिसने बदला जेल का समय
एक पत्रकार के सवाल पर संजय दत्त ने अपनी जेल की यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा, “जेल में कई बार लगता था कि कब बाहर निकलूंगा। आखिर कौन जेल में रहना चाहता है? एक हवलदार ने मुझे सलाह दी — संजू बाबा, जिस दिन आप बाहर निकलने की आशा छोड़ देंगे, आपको पता भी नहीं चलेगा कि समय कैसे बीत गया। शुरू में मुझे लगा मजाक कर रहा है, लेकिन मैंने कोशिश की। जिस दिन मैंने सोचना बंद किया, जेल का समय कब बीत गया, पता ही नहीं चला।”
1993 में हुई थी गिरफ्तारी
संजय दत्त को 19 अप्रैल 1993 में अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन पर TADA के तहत भी मामला दर्ज हुआ था। 2007 में TADA कोर्ट ने उन्हें आतंकवाद के आरोपों से बरी कर दिया, लेकिन आर्म्स एक्ट के तहत 6 साल की सजा सुनाई। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने सजा घटाकर 5 साल की कर दी। अच्छे व्यवहार के कारण उन्हें समय से पहले रिहा कर दिया गया और वे 25 फरवरी 2016 को जेल से बाहर आए।
‘खलनायक 2’ की घोषणा के साथ संजय दत्त एक बार फिर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। संजय दत्त की इस नई फिल्म में क्या कुछ खास होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
