Sugar Craving : नई दिल्ली: क्या आपको भी अचानक चॉकलेट, मिठाई या कोई मीठी चीज खाने की तीव्र इच्छा होती है? खासकर दोपहर के भोजन या शाम की चाय के बाद अगर मीठे की ललक बार-बार सताती है, तो इसे सिर्फ आदत या स्वाद न समझें। विशेषज्ञों के अनुसार, बार-बार होने वाली शुगर क्रेविंग शरीर में किसी जरूरी पोषक तत्व की कमी या हार्मोनल असंतुलन का संकेत हो सकती है।
क्यों होती है मीठे की बेचैनी?
शरीर बिना वजह किसी विशेष स्वाद की मांग नहीं करता। जब व्यक्ति तनाव, थकान या मानसिक उत्तेजना में होता है, तो शरीर को तुरंत ऊर्जा की जरूरत पड़ती है। मीठा खाने से डोपामाइन नामक हैप्पी हार्मोन रिलीज होता है, जिससे पल भर के लिए राहत महसूस होती है। लेकिन यह राहत अस्थायी होती है और जल्द ही शरीर फिर से शुगर की मांग करने लगता है, जो धीरे-धीरे लत में बदल सकती है।
आयुर्वेद के अनुसार, वात और पित्त दोष के असंतुलन से भी मीठे की तलब बढ़ जाती है। इसके अलावा मैग्नीशियम की कमी, कम ब्लड प्रेशर या मेटाबॉलिज्म में गड़बड़ी भी शुगर क्रेविंग का प्रमुख कारण हो सकती है। अगर यह समस्या लगातार बनी रहती है, तो यह भविष्य में डायबिटीज या अन्य बीमारियों का संकेत भी हो सकता है।
क्रेविंग को कैसे नियंत्रित करें?
- रिफाइंड शुगर की जगह गुड़, शहद या धागे वाली मिश्री का इस्तेमाल करें।
- खजूर, किशमिश और ताजे फल खाएं, जो फाइबर और विटामिन से भरपूर होते हैं।
- पर्याप्त पानी पिएं, क्योंकि कभी-कभी डिहाइड्रेशन भी भूख या क्रेविंग के रूप में महसूस होता है।
- डाइट में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं, जो क्रेविंग को कंट्रोल करने में मदद करता है।
बार-बार मीठा खाने की इच्छा को नजरअंदाज न करें। अपनी जीवनशैली, डाइट और तनाव स्तर पर गौर करें। अगर समस्या बनी रहती है, तो डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह जरूर लें। स्वस्थ आदतें अपनाकर आप इस क्रेविंग को आसानी से नियंत्रित कर सकते हैं और अपनी सेहत को बेहतर बना सकते हैं।
