नई दिल्ली। गर्मी के मौसम में ठंडी और मलाईदार कुल्फी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। हालांकि बाजार में मिलने वाली कई कुल्फियों में रिफाइंड चीनी, कृत्रिम फ्लेवर और अन्य एडिटिव्स का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आप घर पर ही दूध और गुड़ से स्वादिष्ट, हेल्दी और दानेदार मटका कुल्फी तैयार कर सकते हैं।
इस कुल्फी को बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही में 1 लीटर फुल क्रीम दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें। दूध को लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक उसकी मात्रा लगभग आधी न रह जाए और वह गाढ़ा न हो जाए।
दूध उबलने के दौरान कड़ाही के किनारों पर जमने वाली मलाई को समय-समय पर खुरचकर वापस दूध में मिलाते रहें। यही प्रक्रिया कुल्फी को दानेदार और लच्छेदार बनावट देती है।
जब दूध पर्याप्त गाढ़ा हो जाए तो उसमें इलायची पाउडर और अपनी पसंद के कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला सकते हैं। इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
ध्यान रखें कि गर्म दूध में गुड़ नहीं डालना चाहिए, क्योंकि इससे दूध फट सकता है। जब दूध सामान्य तापमान पर आ जाए, तब उसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि गुड़ पूरी तरह घुल जाए।
तैयार मिश्रण को छोटे मिट्टी के मटकों या कुल्फी मोल्ड्स में भरें। ऊपर से कटे हुए पिस्ता डालकर मटकों को एल्युमिनियम फॉयल से अच्छी तरह ढक दें।
अब इन्हें 7 से 8 घंटे या पूरी रात के लिए डीप फ्रीजर में रख दें। तय समय बाद आपकी घर की बनी स्वादिष्ट, मलाईदार और दानेदार मटका कुल्फी तैयार होगी।
यह कुल्फी न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि गुड़ के उपयोग के कारण इसमें पारंपरिक देसी स्वाद भी मिलता है, जो इसे और खास बनाता है।
