Phalsa Benefits : गर्मी बढ़ते ही शरीर को ठंडक और हाइड्रेशन की जरूरत सबसे ज्यादा होती है। ऐसे समय में छोटा सा बैंगनी रंग का फल फालसा सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह फल शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ एनर्जी भी बढ़ाता है और लू से बचाव में मदद करता है।
पोषक तत्वों से भरपूर देसी सुपरफूड
वैज्ञानिक रूप से Grevia asiatica (Phalsa) के नाम से जाना जाने वाला यह फल भारत के कई शुष्क क्षेत्रों में पाया जाता है। इसमें विटामिन A, विटामिन C, कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन, पोटेशियम और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। कम कैलोरी और फैट के कारण यह एक हेल्दी और नेचुरल डिटॉक्स फल माना जाता है।
शरीर को देता है प्राकृतिक ठंडक
फालसा का सबसे बड़ा फायदा इसका कूलिंग इफेक्ट है। इसका जूस या शरबत पीने से शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और लू लगने का खतरा कम हो जाता है। यही वजह है कि इसे गर्मियों का प्राकृतिक कूलिंग एजेंट कहा जाता है।

खून की कमी और दिल के लिए फायदेमंद
आयुर्वेद के अनुसार फालसा का सेवन एनीमिया के मरीजों के लिए बेहद उपयोगी है क्योंकि इसमें आयरन मौजूद होता है जो हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है। इसके अलावा फाइबर से भरपूर होने के कारण यह पाचन को मजबूत करता है और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित कर दिल की सेहत का भी ध्यान रखता है।
त्वचा और पेट की समस्याओं में राहत
फालसा में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं, जिससे त्वचा की जलन, पेट की एसिडिटी और अन्य पित्त संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है। यह ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में भी सहायक माना जाता है।

कैसे करें सेवन
फालसा को सीधे धोकर खाया जा सकता है या इसका ताजा जूस और शरबत बनाकर सेवन किया जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार इसे सुबह या दोपहर में लेना सबसे फायदेमंद होता है, क्योंकि इसकी तासीर ठंडी होती है।
