बिलासपुर। नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए एनएसयूआई के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, 3 जून को एनएसयूआई कार्यकर्ता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने के लिए निकले थे। सांसद के बंगले तक पहुंचने से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया था। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
पुलिस ने मामले में अवैध रूप से रास्ता बाधित करने और बलवा से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं झड़प और लाठीचार्ज में छह से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एनएसयूआई का आरोप है कि वह नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही थी, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और सार्वजनिक मार्ग बाधित हुआ। मामले की जांच जारी है।
