जगदलपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ साइकिलिंग की और जुम्बा गतिविधियों में हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वयं साइकिल चलाकर लोगों को फिट रहने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है। दैनिक जीवन में साइकिल का उपयोग स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक ताजगी भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि साइकिल पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत का एक सरल एवं प्रभावी माध्यम है। अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग कर हम प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय तथा कलेक्टर आकाश छिकारा भी मौजूद रहे। सभी ने लोगों से साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साइकिल हर दृष्टि से उपयोगी है और हमें जितना संभव हो सके इसका उपयोग करना चाहिए। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
