Toxic Tabahi Song Release: मुंबई। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज हो गया है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शकों को यश और कियारा आडवाणी की शानदार केमिस्ट्री काफी पसंद आ रही है।
रोमांटिक अंदाज में नजर आई यश-कियारा की जोड़ी
‘तबाही’ गाने में यश और कियारा आडवाणी का रोमांटिक अंदाज देखने को मिल रहा है। दोनों कलाकारों के बीच की जबरदस्त बॉन्डिंग और स्क्रीन प्रेजेंस ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। गाने के विजुअल्स, म्यूजिक और कलाकारों का अंदाज इसे खास बना रहे हैं।
5 भाषाओं में रिलीज हुआ गाना
मेकर्स ने दर्शकों को ध्यान में रखते हुए ‘तबाही’ को सिर्फ हिंदी में नहीं, बल्कि तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया है। इस रोमांटिक ट्रैक को मशहूर सिंगर विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। वहीं गाने के बोल राज शेखर ने लिखे हैं।
संगीत को विशाल मिश्रा के साथ बिटुपोन बोरुआ, कंदर्पा कलिता और त्रिहंगकु लहकर ने तैयार किया है। गाने में संगीत और आवाज का तालमेल दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी है फिल्म
‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं। फिल्म का पूरा नाम ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ है। यह एक बड़े बजट की फिल्म है, जिसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
26 अगस्त 2026 को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर पहले कई बदलाव हुए थे, लेकिन अब मेकर्स ने इसकी अंतिम रिलीज डेट तय कर दी है। ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यश और कियारा की फीस को लेकर भी चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कियारा आडवाणी ने फिल्म के लिए करीब 15 करोड़ रुपये फीस ली है, जो उनके करियर की सबसे बड़ी फीस में से एक बताई जा रही है। वहीं यश फिल्म में को-प्रोड्यूसर भी हैं और रिपोर्ट्स के अनुसार वह प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल पर काम कर रहे हैं।
