आम आदमी पार्टी (AAP) ने एथेनॉल मिश्रित ईंधन (E20) के मुद्दे पर बड़े आंदोलन की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यदि केंद्र सरकार E20 नीति पर पुनर्विचार नहीं करती, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने शनिवार, 1 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे आयोजित होने वाले “नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20” में लोगों को शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब सरकार को E20 से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान करना चाहिए।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जिस तरह युवाओं की एकजुट आवाज के बाद धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, उसी तरह E20 के मुद्दे पर भी लोगों को एकजुट होकर अपनी बात रखनी होगी। उन्होंने लोगों से टाउनहॉल में पहुंचकर या ऑनलाइन माध्यम से अपनी राय रखने की अपील की।
उन्होंने दावा किया कि E20 ईंधन के कारण लोगों की गाड़ियों में खराबी आ रही है और माइलेज भी कम हो रहा है। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से इस मुद्दे का समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि जब बड़ी संख्या में लोग एक साथ अपनी आवाज उठाएंगे, तभी सरकार इस पर ध्यान देगी।
AAP के अनुसार, यदि सरकार E20 से जुड़े फैसले पर कोई कदम नहीं उठाती है, तो अगले सप्ताह प्रधानमंत्री आवास तक याचिका लेकर जाने की भी तैयारी की जा रही है। पार्टी ने कहा कि दिल्ली और आसपास के लोग सीधे टाउनहॉल में शामिल हो सकते हैं, जबकि अन्य राज्यों के लोग वर्चुअल माध्यम से भी अपनी बात रख सकेंगे।
