रायपुर, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने जन्मदिन को सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर, श्री सिद्धि विनायक मंदिर और भैरो बाबा मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद उप मुख्यमंत्री श्री साव बिलासपुर के कल्याण कुंज वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को गर्म कपड़े और फल वितरित किए। बुजुर्गों ने उन्हें स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री कुदुदंड स्थित सेवा भारती द्वारा संचालित ‘मातृ छाया’ शिशुगृह पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच खुशियां साझा कीं। उन्होंने शिशुगृह की गतिविधियों और सेवा कार्यों में भी सहभागिता की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक आस्था के साथ सेवा और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का आशीर्वाद लेना और शिशुगृह में बच्चों के साथ समय बिताना उनके जन्मदिन को खास बना गया।
