रायपुर, छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों और रचनाकारों की उपस्थिति में साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही साहित्यिक संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त मंच बनेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के दौरान सीमित समय में आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव को साहित्यकारों, आयोजन समिति और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से शानदार सफलता मिली थी। इस आयोजन की चर्चा देशभर में हुई। मुख्यमंत्री ने इस बार उत्सव को और अधिक व्यापक, भव्य एवं गरिमामय स्वरूप देने की बात कही।
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को मिलेगा विशेष महत्व
मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न भाषाओं एवं बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अनमोल विरासत मौजूद है। इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है।
उन्होंने कहा कि साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को व्यापक पहचान मिल सके और नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सके।
युवा रचनाकारों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का अवसर
इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को अभिव्यक्त करती है। साहित्य समाज की संवेदनशीलता, विचारशीलता और रचनात्मक चेतना को समृद्ध करता है। इसलिए साहित्यिक आयोजनों में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव युवा रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, विचार साझा करने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष उत्सव के अंतर्गत प्रदेशभर में आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराने की है।
साहित्यकारों ने दिए आयोजन को बेहतर बनाने के सुझाव
कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले वर्ष के साहित्य उत्सव से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी आयोजन को और अधिक प्रभावशाली एवं व्यापक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी रायपुर में इतने बड़े स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पिछले आयोजन से स्थानीय साहित्यकारों और रचनाकारों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इससे छत्तीसगढ़ की साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए आगामी आयोजन में सक्रिय सहभागिता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, सलाहकार श्री आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव श्री रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक और साहित्य जगत से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
