रायपुर, छत्तीसगढ़ तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। राज्य में लागू औद्योगिक विकास नीति 2024-30, प्रशासनिक सुधारों और सिंगल विंडो व्यवस्था के चलते औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आई है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 3,271 नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। वहीं, राज्य को अब तक 8.85 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेश प्रस्तावों के माध्यम से आने वाले वर्षों में करीब 2 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश की स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार भी मौजूद रहे।
8.85 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 309 प्रोजेक्ट शामिल
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 309 निवेश प्रस्तावों के माध्यम से 8.85 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं सामने आई हैं। इनमें 192 परियोजनाएं उन्नत चरण में हैं, जबकि 160 परियोजनाओं का क्रियान्वयन जारी है और 32 औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। कुल निवेश प्रस्तावों में 51 प्रतिशत निवेश थ्रस्ट सेक्टर और 49 प्रतिशत पारंपरिक क्षेत्रों से संबंधित है। प्रदेश के 24 जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
AI, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे नए क्षेत्रों में निवेश
छत्तीसगढ़ में अब पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक आधारित उद्योगों का भी विस्तार हो रहा है। राज्य में पहली बार गारमेंट सेक्टर, चॉकलेट निर्माण, एआई डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल बीपीओ, इंट्राओकुलर लेंस और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों की शुरुआत हुई है। इससे प्रदेश में निवेश के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
उद्योगों को 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी
औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने अब तक 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की है। इसके साथ ही प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 2,700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,500 से ज्यादा स्टार्टअप पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए हैं।
सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विनिर्माण क्षेत्र की सूक्ष्म इकाइयों को 100 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र की सूक्ष्म इकाइयों को 150 प्रतिशत स्थायी पूंजी निवेश लाभ देने का प्रावधान किया गया है। वहीं, महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की सूक्ष्म इकाइयों को प्रारंभिक पूंजी के लिए 25 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी और ब्याज मुक्त ऋण जैसी सुविधाएं देने की व्यवस्था भी शामिल है।
निर्यात में 12.19 प्रतिशत की बढ़ोतरी
उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने बताया कि प्रदेश से होने वाले निर्यात में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023-24 में छत्तीसगढ़ का निर्यात 16,681 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 18,715 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इस तरह निर्यात में 12.19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्रदेश से चीन को 12 हजार टन कॉपर कंसंट्रेट, कोस्टा रिका को फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK), पापुआ न्यू गिनी को चावल और ब्रिटेन को हर्बल उत्पादों का निर्यात किया गया है। निर्यात को और बढ़ावा देने के लिए राज्य में निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 भी अधिसूचित की गई है।
12 जिलों में बने 24 नए औद्योगिक क्षेत्र
औद्योगिक विकास के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश के 12 जिलों में 24 नए औद्योगिक क्षेत्र और पार्क स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन लैंड मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से 1,548 एकड़ भूमि का डिजिटल आवंटन किया गया है। भूमि अभिलेखों को 100 प्रतिशत जीआईएस आधारित प्रणाली से जोड़ा गया है।
एक क्लिक पर मिल रहीं 210 से अधिक सेवाएं
उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया है। इसके तहत 25 विभागों की 210 से अधिक सेवाएं और अनुदान एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार, 28 दिनों में प्रोत्साहन राशि वितरण की व्यवस्था की गई है और अब तक 7,000 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। बस्तर क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों में 102 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। निवेशक संतुष्टि रेटिंग 5 में से 4.07 रही है।
कारोबार को आसान बनाने के लिए लागू हुए कई सुधार
राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से कई प्रशासनिक सुधार किए गए हैं। इनमें छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट 2026, जन विश्वास एक्ट 2025, उद्योगों का जोखिम आधारित वर्गीकरण, स्व-प्रमाणन व्यवस्था और भू-डायवर्जन की अनुमति समाप्त करने जैसे कदम शामिल हैं।
विभाग के अनुसार, 17,893 मामलों में स्व-प्रमाणन की सुविधा दी गई है, जबकि 3 लाख से अधिक मामलों में स्वचालित नामांतरण की व्यवस्था लागू की गई है। जन विश्वास अधिनियम के तहत 279 अपराधों को गैर-आपराधिक श्रेणी में लाया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी मिली पहचान
औद्योगिक निवेश और कारोबारी सुगमता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में स्थान मिला है। नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026 में नियामकीय सुगमता और संस्थागत वातावरण के मामले में राज्य को प्रथम स्थान मिलने की जानकारी दी गई। वहीं, डिरेगुलेशन 2.0 में दूसरा स्थान, LEADS 2025 में लैंडलॉक्ड राज्यों की श्रेणी में हाई परफॉर्मर और बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान (BRAP) 2024 की चार श्रेणियों में टॉप अचीवर का दर्जा मिला है।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि औद्योगिक विकास नीति, निवेशकों के लिए सरल प्रक्रियाओं और आधुनिक क्षेत्रों पर फोकस के माध्यम से छत्तीसगढ़ में उद्योगों के विस्तार को गति मिल रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर तैयार करना है।
