रायपुर , राज्य में नकली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत एक बड़े संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई नागपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट, गोगाँव से कुछ माह पहले नकली दवाओं की जब्ती के मामले में की गई जांच के आधार पर की गई। जांच में इंदौर के बिजरासन मेडिकोज से जुड़े रोचक अग्रवाल, भाटापारा स्थित प्रेम प्रकाश एजेंसी के सुरेंद्र कामनानी और सारंगढ़ के सरस्वती मेडिकल स्टोर से जुड़े खेमराज बानी की संलिप्तता सामने आई।
इस मामले में पहले दिसंबर माह में सारंगढ़ स्थित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर संदिग्ध और नकली दवाओं का भंडारण व वितरण से जुड़े अहम साक्ष्य जब्त किए गए थे। इसके बाद विभाग ने अंतरराज्यीय स्तर पर भी जांच का दायरा बढ़ाया, जिससे इस पूरे नेटवर्क के कई पहलू सामने आए।
वर्तमान में मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और इस अवैध सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों और संस्थानों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर्स से ही दवाएं खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें। नकली दवाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
