रायपुर, नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल करने जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। अभियान के तहत बस्तर संभाग के सात जिलों के करीब 5 लाख परिवारों को आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक परिवार की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपये तक पहुंचाई जा सके।
इस संबंध में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस्तर के प्रत्येक पात्र परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनकी रुचि, स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के अनुसार रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
5 लाख परिवारों तक पहुंचेगा अभियान
स्वावलंबी बस्तर अभियान के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों के लिए निवेश और विकास की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें नियमित आय के साधन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
52 उत्पादों के जरिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
अभियान में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर कृषि और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रमुखता दी गई है। इन चार क्षेत्रों के 23 उपक्षेत्रों में लगभग 52 प्रमुख उत्पादों की पहचान की गई है।
इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल-सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प और पर्यटन जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएंगे।
उत्पादन से लेकर बाजार तक बनेगी व्यवस्था
सरकार की योजना केवल ग्रामीणों को उत्पादन से जोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए पूरी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके अंतर्गत कच्चे माल की आपूर्ति, तकनीकी प्रशिक्षण, उत्पादन, संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की व्यवस्था तैयार होगी।
इसके लिए जरूरत के अनुसार कलेक्शन सेंटर, भंडारण केंद्र, प्रसंस्करण इकाइयां और शीत श्रृंखला विकसित की जाएंगी। अभियान की तैयारियों में ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (टीआरआई) संस्था तकनीकी सहयोग प्रदान कर रही है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे बस्तर के उत्पाद
बस्तर के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) के मायस्टोर सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में पांच प्रमुख उत्पादों को सात अलग-अलग स्टोर के माध्यम से बाजार में उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा की गई।
दुग्ध उत्पादन से मिलेगी नियमित आमदनी
ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से दुधारू गाय उपलब्ध कराने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को नियमित आमदनी का स्रोत मिल सके।
60 सरकारी योजनाओं का होगा समन्वय
अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के 10 विभागों की 60 योजनाओं को आपस में जोड़ा जाएगा। ग्रामीण परिवारों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), वन धन विकास केंद्रों और अन्य सामुदायिक संस्थाओं से जोड़ा जाएगा।
शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा से गांवों तक पहुंचेंगी सरकारी सुविधाएं
अभियान के तहत बस्तर संभाग में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित करने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़ा जाएगा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को अपने गांव के नजदीक ही विभिन्न नागरिक एवं शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सके।
गीदम और कांकेर में शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
अभियान के औपचारिक शुभारंभ से पहले गीदम और कांकेर विकासखंड में पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। यहां ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं एवं प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही परिवारों का सर्वेक्षण कर उनकी जरूरतों और क्षमताओं के आधार पर परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए अलग प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने, प्रत्येक संबंधित विभाग में नोडल अधिकारी निर्धारित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने तथा परियोजना को स्वीकृति मिलते ही जमीनी स्तर पर तेजी से काम शुरू करने को कहा।
बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता के.के. कटारे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
