खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए महासमुंद जिला प्रशासन ने अवैध धान भंडारण, परिवहन और निर्धारित मात्रा से अधिक धान संग्रहण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। 20 से 22 नवंबर तक जिले के विभिन्न तहसीलों में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने जांच और निरीक्षण कर बड़ी मात्रा में धान जब्त किया है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर यह कार्रवाई लगातार जारी है।
20 नवंबर को 600 कट्टा धान जब्त
तहसील कोमाखान अंतर्गत ग्राम गांजर में मनोज चंद्राकर पिता त्रिभुवन एवं चूरामन पिता भगनानी द्वारा राजेश साहू पिता दशरथ साहू के घर में रखे गए 600 कट्टा अवैध धान पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
इसी दिन धान उपार्जन केंद्र बम्हनी एवं बरोण्डा बाजार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान के स्टैक तिरपाल से ढके पाए गए। समिति प्रबंधकों को पर्याप्त तिरपाल उपलब्ध रखने, रस्सियों से मजबूती से बांधने तथा उपार्जन केंद्रों में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील महासमुंद के ग्राम बम्हनी में फुटकर व्यापारी वीरेंद्र यादव के यहां निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारित 52.80 क्विंटल यानी 132 कट्टा धान जब्त किया गया।
21 नवंबर को कई क्षेत्रों में छापेमारी
21 नवंबर को तहसील सरायपाली के ग्राम में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। तहसील बसना के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा तथा ग्राम दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा धान जब्त किया गया।
खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप वाहन में 65 कट्टा अवैध धान का परिवहन करते पाए जाने पर धान मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास से 50 कट्टा अवैध धान मिलने पर मंडी विभाग ने कार्रवाई की।
मरौद में 24 क्विंटल धान जब्त
एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा एवं मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की संयुक्त टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल अवैध धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। साथ ही मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया।
पिथौरा में 300 पैकेट रबी धान जब्त
तहसील पिथौरा के ग्राम बाम्हनी में एसडीएम ने कृषक वीके अग्रवाल के निजी गोदाम का निरीक्षण किया। यहां 300 पैकेट रबी फसल का धान भंडारित पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
22 नवंबर को भी जारी रही कार्रवाई
तहसील कोमाखान के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से 150 कट्टा रबी फसल का धान तथा ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन पिता कपूर चंद साहू के घर से 75 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में 350 बोरा रबी फसल का धान भंडारित पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं तहसील सरायपाली के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं को रोकने के लिए उपार्जन केंद्रों, निजी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अवैध भंडारण एवं परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
