वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा वन्यजीव संरक्षण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बारनवापारा क्षेत्र में अवैध शिकार के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। निगम की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, बार परिक्षेत्र के बसना सर्किल अंतर्गत लारीपुर बीट में दर्ज वन्यजीव अपराध की जांच के दौरान आरोपी मनोहर यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम पड़कीपाली की संलिप्तता सामने आई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वन विकास निगम ने बताया कि बारनवापारा परियोजना मंडल में वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अवैध शिकार, वन्यजीवों के अंगों के अवैध व्यापार और अन्य वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। निगम ने ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
वन विकास निगम ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वन्यजीवों और जैव विविधता की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। वन्यजीवों का शिकार न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन के लिए भी गंभीर खतरा है।
