रायपुर : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए महासमुंद जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने 19 और 20 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर छह स्थानों से अवैध धान एवं चावल जब्त किया है।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान किसानों, व्यापारियों और राइस मिलों में धान के भंडारण एवं दस्तावेजों की जांच की गई। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों एवं व्यक्तियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
19 नवंबर को तीन स्थानों पर कार्रवाई
19 नवंबर को तहसील महासमुंद के ग्राम सरेकेल में कृषक भूषण साहू के पास 103 पैकेट अवैध धान मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
तहसील सरायपाली के ग्राम मलदामाल में वासुदेव भोई के गोदाम से लगभग 550 कट्टा रबी फसल का धान बरामद किया गया। जब्त धान को थाना सिंघोड़ा के सुपुर्द किया गया।
वहीं तहसील पिथौरा के ग्राम भुरकोनी स्थित कामेश्वरी ट्रेडर्स से 280 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
20 नवंबर को राइस मिल में मिली बड़ी अनियमितता
20 नवंबर को कोमाखान स्थित मेसर्स गुरुदेव इंडस्ट्रीज राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान स्टॉक में कमी पाए जाने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान 4,412 कट्टा धान और 1,160 कट्टा चावल जब्त किया गया।
इसी दिन तहसील बसना के ग्राम जलकोट में बसंत प्रधान पिता डमरूधर प्रधान के पास से 51 पैकेट अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। तहसील कोमाखान के ग्राम बोड़रीदादर में सरोज चंद्राकर पति नरेश चंद्राकर के गोदाम से भी 200 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करने और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलेभर में निगरानी एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
