बेमेतरा : अकवान चक्रवात से जिले में हुई फसल क्षति को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने खेतों में पहुंचकर फसल क्षति का सर्वे शुरू कर दिया है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में चल रहे इस सर्वे के तहत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी प्रभावित किसान मुआवजे से वंचित नहीं रहेगा।
चक्रवात के कारण जिले के कई क्षेत्रों में धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है। कहीं खेतों में पानी भर गया, तो कहीं तेज हवाओं के कारण धान की फसल जमीन पर गिर गई। कटाई के करीब पहुंच चुकी फसल को नुकसान होने से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल फसल क्षति सर्वे के निर्देश दिए थे।
ग्राम मजगांव, ठेलका और बनोरा में पहुंची सर्वे टीम
निर्देशों के पालन में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम तहसील दाढ़ी के ग्राम मजगांव तथा तहसील थानखमरिया के ग्राम ठेलका एवं बनोरा पहुंची। अधिकारियों ने खेतों में जाकर फसल की स्थिति का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
सर्वे के दौरान फसल क्षति का प्रतिशत, प्रभावित रकबा, फसल का प्रकार और नुकसान की स्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा क्षतिग्रस्त फसलों के फोटो एवं वीडियो भी लिए गए, ताकि सर्वे प्रक्रिया पारदर्शी रहे और वास्तविक नुकसान के आधार पर किसानों को राहत मिल सके।
सर्वे के आधार पर स्वीकृत होगा मुआवजा
अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद शासन के नियमानुसार मुआवजा राशि स्वीकृत कर पात्र किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सर्वे टीम को गांवों में पहुंचते देखकर किसानों ने राहत जताई और उम्मीद व्यक्त की कि प्रशासन की पहल से उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी।
ग्राम मजगांव के किसानों ने बताया कि चक्रवात की बारिश और तेज हवाओं ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। धान की फसल कटाई के करीब थी, लेकिन मौसम की मार से खेतों में फसल बर्बाद हो गई। वहीं ग्राम ठेलका और बनोरा के किसानों ने भी प्रशासन से उचित मुआवजे की उम्मीद जताई।
सर्वे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : कलेक्टर
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फसल क्षति सर्वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोई भी पात्र किसान सर्वे से छूटना नहीं चाहिए।
सर्वे कार्य के लिए राजस्व अधिकारियों, कृषि विस्तार अधिकारियों, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं राजस्व निरीक्षकों को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है।
किसानों से दस्तावेज तैयार रखने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे सर्वे के दौरान अपनी भूमि के दस्तावेज, बैंक खाता विवरण और फसल से संबंधित आवश्यक जानकारी तैयार रखें, ताकि सर्वे कार्य में तेजी लाई जा सके। जिन किसानों के खेतों में अभी तक सर्वे नहीं हुआ है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से सर्वे कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि किसानों की समस्याओं के समाधान और उन्हें संकट से उबारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। चक्रवात से प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी की जाएगी।
