रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में राज्य स्तरीय दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान
स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा को द्वितीय स्थान मिला। वहीं, एक लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
यह उपलब्धि पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने, संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई प्रसन्नता
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त करना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पथ विक्रेताओं तथा छोटे व्यवसायियों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
पथ विक्रेताओं को ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार तथा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगी।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, संचालक श्री निलेश महादेव क्षीरसागर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बिलासपुर, दंतेवाड़ा और बड़े बचेली के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी समारोह में भाग लिया। छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से प्रदेश में शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
