रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों और पेंशनरों को अब 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत मिलेगी। बढ़ी हुई दरें 1 नवंबर 2026 से लागू होंगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा। दीपावली से ठीक पहले लिए गए इस फैसले से लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार पर 432 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक भार
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। वहीं, सालाना आधार पर यह राशि करीब 432 करोड़ रुपये होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनरों के परिवारों में त्योहार की खुशियां और उल्लास बढ़ेगा।
