मुंबई। मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP की ओर से आयोजित प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। बैरिकेडिंग की गई और आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी रखी गई।
दिपके ने सरकार को दी चुनौती
प्रदर्शन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है तो कर सकती है। इससे पहले दिपके को मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में कुछ समय के लिए पुलिस स्टेशन भी ले जाया गया था।
शिवाजी पार्क में जुटी बड़ी भीड़
मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच के अनुसार, शाम करीब 4 बजे तक प्रदर्शन स्थल पर 9 से 10 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान था। एक्टिविस्ट तुषार गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हुए। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, विशाल ददलानी और शबाना आजमी के भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने की जानकारी सामने आई। शबाना आजमी ने वोट को संवैधानिक अधिकार बताते हुए प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपनी बात रखी।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान CJP कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए और पोस्टर प्रदर्शित किए। संगठन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां भी रखी गईं।
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने CJP के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों ने कथित ‘फेक नैरेटिव’ को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के नैरेटिव को आगे बढ़ाने की कोशिश सफल नहीं होगी।
अक्टूबर के आखिर में फिर प्रदर्शन का ऐलान
CJP ने अपने आंदोलन के अगले चरण की घोषणा भी की है। अभिजीत दिपके ने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो अक्टूबर के आखिर में संगठन दोबारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगा। संगठन की ओर से अलग-अलग राज्यों में भी प्रदर्शन करने की बात कही गई है।
CJP के मुताबिक, मुंबई का 2 अक्टूबर का प्रदर्शन उसके आंदोलन के अगले चरण की शुरुआत है।
