अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर कार्यालय में मंगलवार को जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। यह बैठक 24 अगस्त 2026 को हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान सामने आई मांगों के संबंध में आयोजित की गई थी।
बैठक में बजट में आय-व्यय की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने, बजट के अनुरूप आवश्यक जानकारी अलग से तैयार कर देने तथा वार्षिक बजट संबंधी प्रक्रियाओं का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
वहीं नगर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग एवं अवैध अतिक्रमण की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई। बैठक में संबंधित खसरों के मामलों पर भी चर्चा हुई तथा नए प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर 30 दिवस के भीतर रोड एवं बोर्ड लगाने की कार्रवाई किए जाने पर सहमति बनी।
स्ट्रीट लाइट और विद्युत व्यवस्था पर भी चर्चा
नगर पालिका क्षेत्र के वार्डों में आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट, केबल, स्विच एवं एमसीबी का संधारण लगातार किए जाने की जानकारी दी गई। मार्ग व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के तहत 431 नवीन लाइट लगाए जाने तथा प्रकाश व्यवस्था के लिए डीएमएफ मद में प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी भी बैठक में रखी गई। नवीन मांग एवं शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
जल व्यवस्था सुधारने पर जोर
बैठक में नगर की जल व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारु एवं निरंतर बनाए रखने तथा पेयजल वितरण प्रणाली में तकनीकी खराबी आने पर तत्काल सुधार कार्य करने के निर्देश/सहमति दी गई। नवीन तकनीकी समस्या सामने आने पर भी त्वरित कार्रवाई करने की बात कही गई।
स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्या के निराकरण के लिए विभाग से समन्वय
अमलेश्वर पहुंच मार्ग, मेन रोड पर लगे स्ट्रीट लाइटों के केड़ा विभाग से संबंधित होने के कारण उनके संधारण को लेकर संबंधित विभाग को पत्र भेजे जाने की जानकारी दी गई। पत्र क्रमांक 1842 दिनांक 01.09.2026 के माध्यम से संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है तथा विभाग से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।
जल निकासी एवं यातायात व्यवस्था पर भी बनेगी कार्ययोजना
नवगठित नगर पालिका परिषद अमलेश्वर क्षेत्र में जल निकासी के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण किया गया है तथा विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण कार्य प्रचलित हैं। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त मांगों के आधार पर नियमानुसार नवीन प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजे जाने की बात कही गई।
इसके अलावा मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन बढ़ते यातायात को देखते हुए नगर पालिका द्वारा टीम का गठन कर मुख्य मार्ग पर सुबह एवं शाम के समय यातायात व्यवस्था सुधारने, अतिक्रमण हटाने तथा सार्वजनिक मार्ग को सुचारु रखने के लिए कार्रवाई किए जाने पर सहमति बनी। लोगों को जागरूक करने के लिए मुनादी कराने और जरूरत पड़ने पर वाहनों को सड़क पर खड़ा न करने के लिए समझाइश देने की बात भी कही गई।
नवीन कार्यालय भवन के प्रस्ताव पर भी चर्चा
नवगठित नगर पालिका परिषद होने के कारण नवीन कार्यालय भवन के प्रस्ताव को स्वीकृति हेतु भेजे जाने तथा जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक के लिए उचित कक्ष/सभागार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
बैठक में SDOP प्रांशु तिवारी, SDM पाटन उत्तम ध्रुव, तहसीलदार रस्तोगी, CMO प्रीति गुप्ता (नगर पालिका परिषद अमलेश्वर), थाना प्रभारी अमलेश्वर ओमप्रकाश साहू, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के उपाध्यक्ष मो. तारिक, नेता प्रतिपक्ष दीपक घिंघोड़े, उपनेता प्रतिपक्ष घनश्याम साहू, पार्षद डोमन यादव, भेजलाल सोनकर, हेमलाल साहू, पार्षद प्रतिनिधि गिरधर साहू, पुनीत साहू, टीकम साहू, घनश्याम चेलक सहित कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में नगर पालिका के इंजीनियर ढालेंद्र ठाकुर की भी उपस्थिति रही।
बैठक में विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए समय-सीमा तय किए जाने और संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इससे नगरवासियों को मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों में राहत मिलने की उम्मीद है।
