कवर्धा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले जिले के पहले छात्र सहसपुर लोहारा निवासी हिमांशु देवांगन को उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने फोन कर बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। महानदी भवन, नवा रायपुर से हुई बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने हिमांशु से उसकी पढ़ाई, नीट की तैयारी और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
कवर्धा मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत हुई है। खास बात यह है कि पहले सत्र में प्रवेश लेने वाला छात्र भी कवर्धा जिले का ही रहने वाला है। इसे जिले में चिकित्सा शिक्षा के नए अध्याय की गौरवपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।
नीट में हासिल किए 512 अंक
हिमांशु ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं में 83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। नीट परीक्षा में उसे 512 अंक मिले। नीट की तैयारी के लिए उसने भिलाई में कोचिंग भी ली थी। बातचीत के दौरान हिमांशु ने मेडिकल शिक्षा के प्रति अपनी रुचि और आगे की पढ़ाई को लेकर अपनी योजनाएं भी साझा कीं।
मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ने की दी सलाह
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हिमांशु का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने छात्र को पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। साथ ही कहा कि अपनी सफलता से माता-पिता और परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ जिले का नाम भी रोशन करें।
उन्होंने हिमांशु को डॉक्टर बनने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में कार्य कर अनुभव हासिल करने तथा समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए अपनी शिक्षा का उपयोग करने की भी प्रेरणा दी।
50 सीटों के साथ शुरू हुआ मेडिकल कॉलेज
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुआ है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से कवर्धा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने जिले में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का नया अवसर मिला है। इससे मेडिकल शिक्षा के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।
कवर्धा मेडिकल कॉलेज के प्रथम सत्र में जिले के ही छात्र हिमांशु देवांगन का प्रवेश होना इस नई शुरुआत को और खास बना रहा है।
