बिलासपुर। रेलवे स्टेशन बिलासपुर में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से दो बैग में रखे 21.058 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपी बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं।
प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में मिले दोनों
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला और पुरुष गांजा लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। वहां एक महिला और पुरुष काले रंग का बैग तथा लाल रंग का ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध हालत में खड़े मिले।
तलाशी में 21 किलो से अधिक गांजा बरामद
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम संगीता मिश्रा (43) और सुशील मिश्रा (45) बताया। दोनों पश्चिम चंपारण, बिहार के बगहा क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी लेने पर दोनों बैग से 10 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 21.058 किलोग्राम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10.50 लाख रुपये है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
संयुक्त टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (रेल) दिव्यांग पटेल के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक रेल संभाग बिलासपुर तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव सहित जीआरपी के पुलिसकर्मियों और आरपीएफ बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
