छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत दो प्रमुख मार्गों के मजबूतीकरण एवं उन्नयन के लिए 12 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
स्वीकृत कार्यों में शिवपुर से पत्थलगांव मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 5 करोड़ 1 लाख रुपये तथा दुलदुला से चटकपुर-लोटापानी मार्ग, कुनकुरी के 18.6 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 7 करोड़ 62 लाख रुपये शामिल हैं।
इन दोनों मार्गों के सुदृढ़ीकरण से किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने तथा मरीजों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से यात्रा का समय कम होगा और दूरस्थ क्षेत्रों की मुख्य मार्गों तथा बाजारों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जशपुर जिले में लगातार मजबूत हो रहा सड़क नेटवर्क
जशपुर जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण, उन्नयन और सुदृढ़ीकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मजबूत सड़क नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और व्यापार जैसी आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी।
सड़क अधोसंरचना के विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के मजबूतीकरण के लिए मिली स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़कों के बेहतर होने से लंबे समय से आवागमन में आ रही परेशानियां दूर होंगी और लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत आवश्यकता है। इन मार्गों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं मजबूत होंगी और लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार तथा बाजारों से बेहतर जुड़ाव मिलेगा।
