गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला खनिज विभाग ने अवैध रेत एवं गिट्टी परिवहन में संलिप्त छह ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमान विजय दयाराम के. के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत की गई।
शिकायत मिलने के बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान कोलबिर्रा एवं रुमगा क्षेत्र से रेत से भरे तीन ट्रैक्टर, खंता एवं पिपरिया क्षेत्र से रेत से भरे दो ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। सभी वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा होने के बाद ही जब्त वाहनों को नियमानुसार छोड़ा जाएगा।
कलेक्टर श्रीमान विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने पर भी जोर दिया।
इस अभियान में सहायक खनि अधिकारी श्रीमान आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक श्रीमान सुजीत कंवर, खनिज सिपाही श्रीमान शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक श्रीमान सतीश साहू की सक्रिय भूमिका रही।
