छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। सूरजपुर जिला चिकित्सालय में सफलतापूर्वक 6 टोटल हिप रिप्लेसमेंट (टीएचआर) ऑपरेशन किए गए हैं। इसके साथ ही अब जटिल अस्थि शल्य चिकित्सा जैसी आधुनिक सुविधाएं जिला स्तर पर भी उपलब्ध होने लगी हैं।
इस उपलब्धि से सूरजपुर सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें महंगे इलाज के लिए रायपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय, धन और परेशानी तीनों की बचत होगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा और सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम के नेतृत्व में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू एवं डॉ. अमन गुप्ता ने इन जटिल शल्यक्रियाओं को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। वहीं एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास भगत और डॉ. अनिल कुमार ने भी ऑपरेशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नर्सिंग स्टाफ और ऑपरेशन थिएटर की पूरी टीम के समन्वित प्रयासों से सभी ऑपरेशन सफल रहे। ऑपरेशन के बाद सभी मरीज स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने इस सफलता पर पूरी चिकित्सा टीम, नर्सिंग स्टाफ और सहयोगी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी जिला चिकित्सालय सूरजपुर में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि नागरिकों को अपने जिले में ही विशेषज्ञ उपचार की सुविधा मिल सके।
