Hormuz Ship Attack: नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट ओमान के तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के बाद बड़ा सुरक्षा संकट खड़ा हो गया। साइप्रस के झंडे के तहत संचालित GFS Galaxy नामक जहाज में हमले के बाद आग लग गई, जिससे चालक दल के सदस्यों को अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगानी पड़ी। घटना के बाद क्षेत्र में तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया।
11 भारतीयों में 10 सुरक्षित, एक अब भी लापता
विदेश मंत्रालय के अनुसार जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक सवार थे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 10 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए समुद्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और स्थानीय एजेंसियां अभियान में जुटी हुई हैं।
भारतीय दूतावास हालात पर रखे हुए है नजर
भारत सरकार ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। दूतावास बचाव कार्य में समन्वय कर रहा है और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। भारत ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी जताया है।
समुद्री सुरक्षा पर भारत ने जताई चिंता
विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है। भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा नागरिक जहाजों को किसी भी प्रकार के हमलों से सुरक्षित रखा जाना आवश्यक है। साथ ही लापता भारतीय नाविक की सुरक्षित तलाश के लिए अभियान जारी रहने की बात भी दोहराई गई।
