रायपुर, मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की लैंड टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिकारियों को नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय परियोजनाओं के लिए भूमि का सर्वेक्षण और चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टरों से प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आबादी भूमि पर रहने वाले पात्र आवासहीन परिवारों का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नगरीय निकायों में वर्तमान और भविष्य की आवासीय आवश्यकताओं का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया, ताकि समय पर पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार हितग्राहियों की पहचान कर व्यापक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. शंगीता, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
