नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के चंदन होला इलाके में रविवार तड़के एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग की सूचना रात करीब 2:30 बजे मिली थी। करीब 5,000 वर्ग गज क्षेत्र में फैली इस आग पर काबू पाने के लिए कुल 30 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। लगभग आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।
