धमतरी : जिले के आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने धमतरी जिले में एक नए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की है।
इस नए विद्यालय के शुरू होने से दूरस्थ, वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों के जनजातीय छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और पूर्णतः निःशुल्क आवासीय शिक्षा का लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में आधुनिक डिजिटल कक्षाएं, विज्ञान और कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। छात्रों को मुफ्त आवास, भोजन, गणवेश, अध्ययन सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को NEET, JEE और CLAT जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन, अनुभवी शिक्षकों का सहयोग और करियर काउंसिलिंग की सुविधा भी मिलेगी।
इस विद्यालय के माध्यम से खेल, कला, संस्कृति और नेतृत्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके।
अधिकारियों के अनुसार, इस योजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिनमें शिक्षण, छात्रावास संचालन, सुरक्षा और अन्य सेवाएं शामिल होंगी।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय बच्चों के सपनों को नई दिशा देने वाला संस्थान है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि भूमि चिन्हांकन और निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र लाभ मिल सके।
इस निर्णय का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आदिवासी समाज ने स्वागत करते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।
