मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सरगुजा प्रवास के दौरान विकासखंड उदयपुर स्थित रामगढ़ के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस “राम वाटिका” में स्थापित भगवान श्री राम की प्रतिमा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि यह अभियान मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति श्रद्धा एवं भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
श्री साय ने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि माँ के नाम पर लगाया गया एक पौधा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य की नींव तैयार करेगा।
भगवान श्री राम की प्रतिमा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्री राम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यपरायणता का आदर्श है। उन्होंने लोगों से भगवान श्री राम के आदर्शों पर चलते हुए सेवा, सद्भाव और समर्पण के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
