शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के बोरसी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, आदर्श कन्या शाला और जेआरडी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। साथ ही बच्चों को नए शिक्षा सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए गणवेश और जूते भी वितरित किए।
शिक्षा मंत्री ने अभिभावकों से संवाद करते हुए बच्चों की नियमित पढ़ाई, विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति और उनके बेहतर भविष्य निर्माण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार बच्चों की पहली पाठशाला होता है और अभिभावकों का सहयोग उनके जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होंगी।
शिक्षा मंत्री कक्षा में पहुंचकर बच्चों के बीच बैठे और उनसे आत्मीय बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों से पहाड़े सुने और खुद भी आसान व रोचक तरीके से उन्हें पहाड़े सिखाए। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके सपनों और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। साथ ही मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और लगातार मेहनत करने का संदेश दिया।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने छात्राओं और शिक्षकों से भी संवाद किया। उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
