उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई का औचक निरीक्षण कर निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैपलवुड फ्लोरिंग, तीरंदाजी मैदान, हॉकी गैलरी एवं फ्लड लाइट, कबड्डी इंडोर और आउटडोर मैदान, एचवीएसी कार्य तथा आउटडोर स्टेडियम के विकास कार्यों का जायजा लिया। साथ ही हॉस्टल के रखरखाव और उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा बेहतर समन्वय के साथ उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।
मैपलवुड फ्लोरिंग का कार्य वर्ष 2017 से लंबित रहने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नाराजगी जताई और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाने चाहिए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए।
एचवीएसी कार्य की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्थल निरीक्षण के बाद आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही डक्टिंग की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित करने को कहा। तीरंदाजी मैदान के निर्माण कार्य को जुलाई तक पूरा करने और आउटडोर स्टेडियम में स्थापित हाई मास्ट लाइट की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कबड्डी इंडोर एवं आउटडोर मैदान की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने तथा स्टेडियम परिसर में अन्य आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। हॉकी मैदान में निर्माणाधीन पैवेलियन में दर्शकों के लिए अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
अरुण साव ने कहा कि बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र को उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आग्रह किया, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
