देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मई महीने में चौथी बार तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.75 प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। इसका असर छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई दे रहा है।
10 दिनों में चौथी बढ़ोतरी
पिछले 10 दिनों के भीतर ईंधन कीमतों में लगातार चार बार इजाफा किया गया है। इससे पहले 23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।
इसके अलावा 15 मई को करीब ₹3 प्रति लीटर और 19 मई को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। लगातार बढ़ते दामों से परिवहन और रोजमर्रा की लागत बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
रायपुर में पेट्रोल 108 रुपए के पार
‘गुड रिटर्न्स’ वेबसाइट के अनुसार रायपुर में 25 मई को पेट्रोल की कीमत 108.06 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। यहां पेट्रोल के दाम में करीब ₹2.70 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वहीं डीजल 101.32 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जिसमें लगभग ₹2.85 की बढ़ोतरी हुई है।
बिलासपुर में भी बढ़े दाम
बिलासपुर में पेट्रोल 108.71 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। यहां पेट्रोल की कीमत में ₹2.77 का इजाफा हुआ है।
वहीं डीजल 101.97 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जिसमें करीब ₹2.92 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गरियाबंद में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
गरियाबंद जिले में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई। यहां डीजल की कीमत 103.01 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जिसमें ₹4.28 की वृद्धि हुई है।
वहीं पेट्रोल 109.74 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है और इसके दाम में ₹4.13 प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा के अन्य खर्चों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
