अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय से वर्चुअली जुड़कर मुंगेली जिले को मिली अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों को यह आधुनिक फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है।
करीब 65 लाख रुपये की लागत से तैयार इस मोबाइल फॉरेंसिक वैन के तकनीकी उपयोग और अपराध अनुसंधान में इसकी भूमिका को लेकर मुंगेली कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ‘कलेक्टर जनदर्शन सभाकक्ष’ में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
अपराध जांच को मिलेगी नई गति
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि आधुनिक तकनीकों से लैस यह वैन पुलिस को घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराएगी। इससे साक्ष्य संकलन अधिक प्रभावी होगा और अपराध अनुसंधान की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
बिलासपुर रेंज के आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन की तकनीकी क्षमताएं आपराधिक मामलों के त्वरित और वैज्ञानिक निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुंगेली पुलिस इस सुविधा का बेहतर उपयोग करेगी।
निष्पक्ष न्याय में सहायक होगी वैन
मुंगेली एसएसपी श्री भोजराम पटेल ने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच से निष्पक्ष और सटीक न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्राप्त है और यह वैन उस प्रक्रिया को और मजबूत करेगी।
पुलिस अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में फॉरेंसिक विशेषज्ञ सुश्री ज्योत्सना लकड़ा ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अधिकारियों और जवानों को वैन में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, सुरक्षित संरक्षण और प्राथमिक फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर दिया बचत का संदेश
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि नरेंद्र मोदी की बचत संबंधी अपील को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और बिलासपुर रेंज के आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ऑनलाइन माध्यम से कार्यशाला में शामिल हुए।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह, बार काउंसिल अध्यक्ष श्री राजमन सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री रविंदर सिंह छाबड़ा सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
