नीति आयोग द्वारा जारी आकांक्षी ब्लॉकों की ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ (अक्टूबर-दिसंबर 2025) रिपोर्ट में उसूर ब्लॉक ने सेंट्रल जोन में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर विष्णु देव साय ने उसूर ब्लॉक, बीजापुर जिले के नागरिकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य सरकार के सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है और उसूर ब्लॉक ने कठिन परिस्थितियों में प्रेरणादायक कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सफलता का श्रेय जमीनी स्तर पर कार्य कर रही मितानिन बहनों, एएनएम, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण को जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब प्रदेश का लक्ष्य देश में प्रथम स्थान हासिल करना है।
वहीं, केदार कश्यप ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार की योजनाएं प्रदेश के अंतिम छोर तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से दूर माना जाने वाला उसूर ब्लॉक आज विकास का मॉडल बनकर उभरा है।
नीति आयोग द्वारा स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न मानकों पर किए गए मूल्यांकन में उसूर ब्लॉक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इनमें संचारी रोगों की रोकथाम, संस्थागत प्रसव में बढ़ोतरी, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण, एचपीवी टीकाकरण और गैर-संचारी बीमारियों की जांच एवं उपचार जैसी सेवाएं प्रमुख रहीं।
जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी तिमाहियों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाते हुए देश में प्रथम स्थान हासिल करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा।
