दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और निर्देशक प्रशांत नील की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Dragon’ का धमाकेदार टीज़र रिलीज हो गया है। मेकर्स ने 19 मई की आधी रात को, जूनियर एनटीआर के जन्मदिन से ठीक पहले, फिल्म की पहली झलक जारी कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया।
‘Dragon’ का टीज़र तेलुगु, हिंदी, कन्नड़, तमिल और मलयालम समेत पांच भाषाओं में रिलीज किया गया है, जिससे इसका लॉन्च पूरी तरह पैन-इंडिया इवेंट बन गया। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के बीच टीज़र ने जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।
टीज़र में जूनियर एनटीआर बेहद दमदार और मासी अवतार में नजर आ रहे हैं। उनकी नई फिजिक और स्क्रीन प्रेजेंस ने फैंस को खासा प्रभावित किया है। फिल्म में उनके किरदार को ‘अफगान ट्रेडिंग कंपनी के चीफ लुगर असैसिन’ के रूप में पेश किया गया है। टीज़र में अभिनेता अनिल कपूर के किरदार की भी झलक देखने को मिली है।
प्रशांत नील इससे पहले ‘KGF’ और ‘Salaar’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। अपनी फिल्मों में भव्य दुनिया और हाई-ऑक्टेन एक्शन पेश करने के लिए मशहूर प्रशांत नील की इस नई फिल्म को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “NTR के डायलॉग सुनकर लग रहा है कि कोई बहुत बड़ी तबाही आने वाली है।” वहीं दूसरे फैन ने कमेंट किया, “प्रशांत नील अलग ही लेवल के डायरेक्टर हैं, जनता के हीरो NTR इतिहास रचने आ रहे हैं।”
कई फैंस ने फिल्म के स्केल, विजुअल्स और बैकग्राउंड म्यूजिक की भी जमकर तारीफ की। सोशल मीडिया पर “Mass Destruction”, “Goosebumps” और “Biggest Comeback” जैसे शब्द लगातार ट्रेंड कर रहे हैं।
मिथ्री मूवी मेकर्स और NTR Arts के बैनर तले बन रही ‘Dragon’ को प्रशांत नील की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘KGF’ और ‘Salaar’ की सफलता के बाद जूनियर एनटीआर और प्रशांत नील की यह जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है, ऐसा फैंस का मानना है।
