मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच छत्तीसगढ़ में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों ने 19 मई के लिए नए रेट जारी कर दिए हैं, जो मंगलवार सुबह से प्रदेशभर में लागू हो गए।
राजधानी रायपुर में पेट्रोल 104 रुपये के पार
राजधानी Raipur में पेट्रोल की कीमत 103.58 रुपये से बढ़कर 104.48 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत 96.57 रुपये से बढ़कर 97.52 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों की जानकारी सोमवार देर रात पेट्रोल पंप संचालकों को भेजी गई, जिसके बाद मंगलवार सुबह से संशोधित कीमतें लागू कर दी गईं।
एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़ोतरी
इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर से अधिक की बढ़ोतरी की गई थी। मिडिल ईस्ट में संघर्ष शुरू होने के बाद यह दूसरा बड़ा इजाफा माना जा रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इससे पहले पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर था।
आम आदमी पर बढ़ेगा असर
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर रोजमर्रा के सामानों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
