छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के बाद पहली बार सुकमा दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1:05 बजे सुकमा पहुंचेंगे, जहां उनका दौरा जिला चिकित्सालय से शुरू होगा। यहां वे 1:20 बजे अटल आरोग्य लैब का उद्घाटन करेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके बाद सीएम साय जिला पुनर्वास केंद्र के साइंस पार्क में वीआर लैब और स्टेम लैब का शुभारंभ करेंगे। साथ ही नालंदा परिसर भवन का भूमिपूजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान इमली प्रसंस्करण यूनिट की शुरुआत भी होगी, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
दोपहर 2:20 बजे मुख्यमंत्री मिनी स्टेडियम सुकमा में “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान” का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अब विकास कार्यों को तेजी देने की दिशा में सरकार का फोकस साफ नजर आ रहा है।
