महासमुंद, 10 अप्रैल 2026। महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने गुरुवार को जिले के विभिन्न आजीविका संवर्धन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महासमुंद विकासखंड के बिरकोनी और कांपा तथा पिथौरा विकासखंड के बगारपाली स्थित केंद्रों में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने “लखपति दीदी” पहल के तहत अधिक से अधिक महिलाओं को आय आधारित गतिविधियों से जोड़ने और उनकी आजीविका मजबूत करने पर जोर दिया।
बगारपाली केंद्र में उन्होंने फ्लाई ऐश ब्रिक्स यूनिट, सब्जी बड़ी निर्माण समेत अन्य गतिविधियों का निरीक्षण कर संचालन को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा
सीईओ नंदनवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना और महात्मा गांधी नरेगा के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने तालाब गहरीकरण, शेड निर्माण और अन्य कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
नरेगा के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने, जल संरक्षण कार्यों जैसे नए तालाब, डब्ल्यूएटी, एससीटी, सोखता गड्ढा, नाडेप और प्लांटेशन के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर स्वीकृति सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिन हितग्राहियों ने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, उन्हें 7 दिनों के भीतर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी आवासों में अनिवार्य रूप से वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
