David Warner Arrested : सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज David Warner एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। सिडनी के मारौब्रा इलाके में उन्हें ड्रंक ड्राइविंग के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात वह अपनी गाड़ी चला रहे थे, तभी पुलिस की रैंडम ब्रेथ टेस्टिंग के दौरान उनका अल्कोहल लेवल तय सीमा से ज्यादा पाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया ज्यादा अल्कोहल लेवल
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, वॉर्नर ने टेस्टिंग पॉइंट से पहले ही अपनी कार रोक दी थी। इसके बाद ट्रैफिक और हाईवे पेट्रोल अधिकारियों ने उनकी जांच की। शुरुआती टेस्ट में ही शराब के सेवन की पुष्टि हो गई। आगे की जांच के लिए उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां ब्रेथ एनालिसिस में उनका अल्कोहल लेवल 0.1 दर्ज किया गया, जो कानूनी सीमा से लगभग दोगुना है।
कैसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, 5 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे मालाबार रोड पर रैंडम ब्रेथ टेस्टिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन टेस्टिंग साइट से पहले ही रुक गया। अधिकारियों को शक हुआ और उन्होंने ड्राइवर की जांच की, जिसमें पॉजिटिव रिजल्ट सामने आया। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए वॉर्नर को हिरासत में लिया गया।

कोर्ट में पेशी और करियर पर असर
इस मामले में अब वॉर्नर को मई महीने में अदालत में पेश होना होगा। फिलहाल वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलने के लिए पाकिस्तान लौट चुके हैं, लेकिन यह कानूनी मामला उनके लिए परेशानी बढ़ा सकता है।
इंटरनेशनल क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
गौरतलब है कि David Warner ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अचानक यह फैसला लेते हुए सभी को चौंका दिया था। अब वह केवल टी20 लीग्स में खेलते नजर आ रहे हैं और फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
