आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरटीआई) के अधिकारियों और कर्मचारियों को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-24 स्थित ‘‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय’’ एवं ‘‘जनजातीय संग्रहालय’’ के रख-रखाव के लिए आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थान की संचालक हिना अमिनेष नेताम सहित अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। यह प्रशिक्षण होमगार्ड, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और एसडीआरएफ के सहयोग से आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ की टीम ने ‘‘आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया’’ विषय पर तकनीकी और व्यवहारिक जानकारी दी। प्रशिक्षण टीम का नेतृत्व पुष्पराज सिंह ने किया, जबकि दीपक कौशिक और राकेश भोयर ने सहायक उपनिरीक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान परिसर में आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रायोगिक प्रदर्शन भी किए गए। इसमें आग जैसी आपात स्थितियों से बचाव के उपायों का अभ्यास कराया गया। संग्रहालय में आए आगंतुकों और विद्यार्थियों ने भी इसमें भाग लेकर हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस की।
संचालक हिना अमिनेष नेताम ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यस्थल और पारिवारिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से उपयोगी रहा। भविष्य में आपातकालीन स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी ऐसे प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
